अमेरिका–ईरान युध्द : बयानों की जंग, साख का सवाल और भारत की मुश्किल कूटनीति

Mar 26, 2026 - 17:45
 0  47
अमेरिका–ईरान युध्द : बयानों की जंग, साख का सवाल और भारत की मुश्किल कूटनीति

 [ अली रज़ा आबेदी  ]  मध्य-पूर्व की सियासत इन दिनों एक अजीब मोड़ पर खड़ी है। डोनाल्ड ट्रम्प के लगातार उल जलुल बयानों ने जहां हालात को सुलझाने के बजाय और पेचीदा बना दिया है, वहीं इरान के सख्त और फौरन इनकार ने अमेरिका की साख पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। हालात कुछ ऐसे बन गए हैं कि दुनिया भर में इस टकराव को अब सिर्फ ताकत की लड़ाई नहीं, बल्कि “नैरेटिव की जंग” के तौर पर भी देखा जा रहा है।

ट्रम्प के दावे—चाहे वो बातचीत चलने की बात हो या “युद्धविराम” का इशारा—ईरान की तरफ से तुरंत खारिज कर दिए जाते हैं। इस तरह के उलट बयानों ने अमेरिका की इंटरनेशनल इमेज को झटका दिया है। कई जानकार मानते हैं कि बिना ठोस आधार के ऐसे दावे करना, और फिर उनका सार्वजनिक रूप से खंडन हो जाना, दरअसल अमेरिका की “जग हसाई” का कारण बन रहा है।

दूसरी तरफ, ईरान ने सीधे सैन्य टकराव से बचते हुए भी ऐसा दबाव बनाया है कि उसका असर पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था पर दिखने लगा है। खासकर तेल सप्लाई और समुद्री रास्तों को लेकर जो अनिश्चितता बनी है—वो हर्मुज़ जैसे अहम मार्ग को लेकर—उसने वैश्विक बाजार में बेचैनी पैदा कर दी है। यह कहना गलत नहीं होगा कि ईरान ने सीमित संसाधनों के बावजूद एक तरह का “इकोनॉमिक प्रेशर पॉइंट” खड़ा कर दिया है।

सैन्य ताकत के लिहाज से भले ही अमेरिका अब भी दुनिया की सबसे बड़ी ताकत हो, लेकिन यह टकराव दिखा रहा है कि सिर्फ हथियारों की ताकत ही सब कुछ नहीं होती। ईरान की “अप्रत्यक्ष रणनीति”—यानी क्षेत्रीय असर, मिसाइल क्षमता और दबाव की राजनीति—ने इस समीकरण को कहीं ज्यादा जटिल बना दिया है।

अब अगर भारत की बात करें, तो यहां भी तस्वीर उतनी आसान नहीं है। भारत की विदेश नीति हमेशा “संतुलन” पर टिकी रही है—एक तरफ अमेरिका से करीबी रिश्ते, तो दूसरी तरफ ईरान से ऊर्जा और रणनीतिक जुड़ाव। लेकिन मौजूदा हालात में इस संतुलन पर सवाल उठने लगे हैं।

तेल की कीमतों में उछाल, व्यापार पर असर और खाड़ी देशों में काम कर रहे भारतीयों की सुरक्षा—ये सभी मुद्दे भारत के सामने एक साथ खड़े हो गए हैं। ऐसे में आलोचक यह पूछ रहे हैं कि क्या भारत की “न्यूट्रल पॉलिसी” इस तरह के टकराव में कारगर साबित हो पाएगी, या फिर उसे ज्यादा स्पष्ट रुख अपनाना पड़ेगा।

हकीकत यह है कि अमेरिका–ईरान का यह तनाज़ा अब सिर्फ दो देशों तक सीमित नहीं रहा। यह एक ऐसी शतरंज बन चुका है, जहां हर चाल का असर दुनिया के कई हिस्सों पर पड़ रहा है। ट्रम्प के बयानों और ईरान की प्रतिक्रिया ने यह साफ कर दिया है कि सूचना और छवि की लड़ाई अब उतनी ही अहम हो चुकी है जितनी जमीनी ताकत।

आख़िर में सवाल यही है 

क्या यह टकराव बातचीत की मेज तक पहुंचेगा ? या बयानों की यह जंग ही आने वाले बड़े संकट की आहट है ? और सबसे अहम—क्या भारत इस बदलते खेल में अपनी जगह मजबूती से बना पाएगा, या उसे अपनी रणनीति पर फिर से गौर करना पड़ेगा ?

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow