छत्रपती संभाजीनगर महानगरपालिका को मिले नये आयुक्त अमोल जगन्नाथ येडगे... जी श्रीकांत का तबादला
( सिटिज़न सारांश ) — प्रशासनिक हलकों में एक अहम तब्दीली के तहत 2014 बैच के महाराष्ट्र कैडर के आईएएस अधिकारी अमोल जगन्नाथ येडगे को महानगरपालिका का नया आयुक्त नियुक्त किए जाने की खबर सामने आई है। वर्तमान आयुक्त जी श्रीकांत का तबादला कर दिया गया है, जिसके बाद येडगे अब इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को संभालेंगे।
इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग की पढ़ाई पुणे से करने वाले येडगे प्रशासनिक अनुभव के मामले में मजबूत माने जाते हैं। उन्होंने अपनी सेवा के दौरान बीड जिले में मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के रूप में काम किया, वहीं नाशिक और अमरावती में भी विभिन्न अहम पदों पर रहते हुए प्रशासनिक कौशल का परिचय दिया। जनवरी 2024 से वे कोल्हापुर के जिल्हाधिकारी के रूप में कार्यरत थे, जहां उनके कामकाज को सकारात्मक दृष्टि से देखा गया।
सूत्रों के मुताबिक, महानगरपालिका में उनके सामने शहर के बुनियादी ढांचे, स्वच्छता व्यवस्था और विकास परियोजनाओं को गति देने जैसी चुनौतियां होंगी। प्रशासनिक हलकों में यह भी माना जा रहा है कि उनके अनुभव का फायदा शहर के नियोजन और व्यवस्थापन को और अधिक प्रभावी बनाने में मिलेगा।
नई नियुक्ति के साथ ही शहर में प्रशासनिक स्तर पर तेज़ी और पारदर्शिता की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं !
What's Your Reaction?