मोहर्म आशूरा मातमी जुलूस 26 जून को, “या हुसैन” की सदाओं से गूंजेगा शहर

Jun 25, 2026 - 20:48
Jun 25, 2026 - 22:58
 0  41
मोहर्म आशूरा मातमी जुलूस 26 जून को, “या हुसैन” की सदाओं से गूंजेगा शहर

[ सिटिज़न सारांश ] : पैग़म्बर-ए-इस्लाम हज़रत मोहम्मद (स.अ.व.) के नवासे और कर्बला के महान शहीद हज़रत इमाम हुसैन (अ.स.) की याद में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी मोहर्म माह की 10वीं तारीख़ (आशूरा) के अवसर पर अंजुमन-ए-ख़ादिमुल मासूमीन (छत्रपती संभाजीनगर औरंगाबाद ) की ओर से  विशाल मातमी जुलूस का आयोजन शुक्रवार, 26 जून 2026 को किया जाएगा। यह जानकारी अंजुमन के अध्यक्ष एजाज़ ज़ैदी ने दी।

उन्होंने बताया कि सुबह 7:30 बजे फ़ाज़लपुरा स्थित आशूरख़ाना मोहम्मद नवाब साहब से मातमी जुलूस का आग़ाज़ होगा। जुलूस अपने पारंपरिक मार्ग से होते हुए चेलीपुरा, शाहगंज, गांधी पुतला मार्ग से सिटी चौक पहुंचेगा। यहां अलमबरदार कमेटी तथा पुलिस प्रशासन की ओर से अलम पर पुष्पमालाएं अर्पित कर हज़रत इमाम हुसैन (अ.स.) को ख़िराज-ए-अक़ीदत पेश किया जाएगा।

सिटी चौक पर नोहाख़ानी के पश्चात जनाब मौलाना मोहम्मद अली क़ुम्मी साहब वाक़या-ए-कर्बला बयान करेंगे। इसके बाद जुलूस हेड पोस्ट ऑफिस स्थित आशूरख़ाना ज़व्वार हुसैन साहब पहुंचेगा, जहां मजलिस का आयोजन होगा।

मजलिस के उपरांत जुलूस जुना बाज़ार, बुड्डी लेन स्थित आशूरख़ाना जानी अमानी पहुंचेगा। यहां ख़माज़नी के बाद जुलूस ज़ैदी लेन, सिटी चौक, गुलमंडी तथा बाराभाई ताज़िया मार्ग से होकर आशूरख़ाना दीवान देवड़ी पहुंचेगा, जहां मजलिस के बाद मातमी जुलूस का समापन होगा।

जुलूस में अलम तथा ज़ुलजनाह (हज़रत इमाम हुसैन (अ.स.) के घोड़े की प्रतीकात्मक सवारी) विशेष रूप से शामिल रहेंगे। मातमदार नोहाख़ानी, ज़ंजीरज़नी और ख़माज़नी के माध्यम से इमाम हुसैन (अ.स.) को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

अंजुमन की ओर से मातमदारों और आम नागरिकों के लिए सबील-ए-इमाम हुसैन के तहत विभिन्न स्थानों पर पानी और शर्बत की व्यवस्था भी की गई है।

अंजुमन-ए-ख़ादिमुल मासूमीन के सचिव परवेज़ जाफ़री तथा अज़हर हुसैन ज़ैदी उर्फ़ अज्जु लिडर ने शहरवासियों और अज़ादारों से बड़ी संख्या में जुलूस में शामिल होकर अमन, भाईचारे और अनुशासन के साथ “या हुसैन, या हुसैन” की सदाएं बुलंद करते हुए इमाम हुसैन (अ.स.) की बारगाह में ख़िराज-ए-अक़ीदत पेश करने की अपील की है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow