ईरान–अमेरिका तनातनी अपने उरूज पर, अली लारीजानी की बेटी को अमेरिकी यूनिवर्सिटी से निकाला गया

Jan 25, 2026 - 17:12
 0  3
ईरान–अमेरिका तनातनी अपने उरूज पर, अली लारीजानी की बेटी को अमेरिकी यूनिवर्सिटी से निकाला गया

ईरान और अमेरिका के दरमियान चल रही सियासी और कूटनीतिक खींचतान अब तालीमी इदारों तक पहुँच गई है। अमेरिका के अटलांटा शहर में वाक़े एमोरी यूनिवर्सिटी ने ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सेक्रेटरी अली लारीजानी की बेटी फ़ातिमा अर्देशिर लारीजानी को यूनिवर्सिटी से निष्कासित कर दिया है।

एमोरी यूनिवर्सिटी के एक फैकल्टी मेंबर ने बीबीसी पर्शियन को इस फ़ैसले की तस्दीक़ की है। फ़ातिमा लारीजानी यूनिवर्सिटी के कैंसर रिसर्च डिपार्टमेंट से जुड़ी हुई थीं। बीते कुछ अरसे से यूनिवर्सिटी कैंपस के बाहर ईरानी हुकूमत के मुख़ालिफ़ीन लगातार प्रदर्शन कर रहे थे और फ़ातिमा को बर्ख़ास्त करने की मांग उठा रहे थे।

मामला उस वक़्त और संगीन हो गया जब जॉर्जिया से अमेरिकी रिपब्लिकन नुमाइंदे अर्ल कार्टर ने यूनिवर्सिटी प्रशासन को ख़त लिखकर न सिर्फ़ फ़ातिमा लारीजानी को नौकरी से निकालने बल्कि उनका मेडिकल लाइसेंस रद्द करने की भी मांग की।

ग़ौरतलब है कि जनवरी 2025 में अमेरिका ने अली लारीजानी को ईरान में सरकार मुख़ालिफ़ प्रदर्शनों को कुचलने में कथित भूमिका, ‘शैडो बैंकिंग नेटवर्क’ और तेल से मिलने वाली आमदनी की मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े इल्ज़ामात के चलते पाबंदी की फ़ेहरिस्त में शामिल कर लिया था।

इसी दौरान दुनिया के मुख़्तलिफ़ मुल्कों में रह रहे ईरानी नागरिक भी सड़कों पर उतर आए हैं। ईरान में जारी राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शनों के समर्थन में कई देशों में प्रदर्शन हो रहे हैं और वहां की हुकूमतों से यह मांग की जा रही है कि ईरानी हुकूमत से जुड़े अफ़राद को अपने-अपने मुल्कों से बाहर निकाला जाए।

मुलाहिज़ा किया जाए तो ये वाक़िया साफ़ इशारा करता है कि ईरान और अमेरिका के दरमियान तनातनी अब सिर्फ़ सियासत तक महदूद नहीं रही, बल्कि इसका असर तालीम, रिसर्च और आम ज़िंदगी पर भी दिखाई देने लगा है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow