मणिकर्णिका घाट कार्रवाई के विरोध में संभाजीनगर में ऑल पार्टी मूक धरना

Jan 28, 2026 - 00:51
 0  41

संभाजीनगर (औरंगाबाद): बनारस के ऐतिहासिक मणिकर्णिका घाट पर विकास कार्यों के नाम पर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार द्वारा की गई बुलडोज़र कार्रवाई के विरोध में आज संभाजीनगर में व्यापक राजनीतिक एकजुटता देखने को मिली। शहर में अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा के सामने विभिन्न दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ऑल पार्टी मूक धरना आंदोलन किया।

धरना स्थल पर बड़ी संख्या में उपस्थित नेताओं ने इस कार्रवाई को सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत के खिलाफ कदम बताते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान माहौल शांतिपूर्ण रहा, जबकि प्रतिभागियों ने हाथों में तख्तियां लेकर विरोध जताया।

इस मौके पर शिवसेना (उद्धव गुट) के वरिष्ठ नेता एवं विधान परिषद के पूर्व विपक्ष नेता अंबादास दानवे ने मीडिया से बात करते हुए भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि

“भारतीय जनता पार्टी का छद्म हिंदुत्व अब जनता के सामने बेनकाब हो चुका है। धार्मिक आस्था और विरासत की रक्षा का दावा करने वाली सरकार ही पवित्र स्थलों पर बुलडोज़र चला रही है।”

धरने में भारतीय जनता पार्टी, शिवसेना (शिंदे गुट) और AIMIM को छोड़कर शहर की लगभग सभी प्रमुख राजनीतिक पार्टियों के नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। आयोजकों ने इसे सांस्कृतिक धरोहर की रक्षा के लिए एक साझा संघर्ष बताया।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि मणिकर्णिका घाट क्षेत्र में की जा रही कार्रवाई पर तत्काल पुनर्विचार किया जाए और विरासत स्थलों के संरक्षण को प्राथमिकता दी जाए।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow