छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती पर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) द्वारा ऐतिहासिक शस्त्र प्रदर्शनी का आयोजन

छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती के अवसर पर शिवसेना – उद्धव बालासाहेब ठाकरे पार्टी की ओर से ऐतिहासिक और शिवकालीन एक दिवसीय शस्त्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन शिवसेना नेता एवं विपक्ष के नेता अंबादास दानवे के हाथों संपन्न हुआ। इस दौरान पारंपरिक वाद्ययंत्रों और ढोल-ताशों की गूंज से क्रांति चौक क्षेत्र गूंज उठा।
इस प्रदर्शनी में नांदेड़ स्थित महाबली शहाजीराजे भोसले संग्रहालय द्वारा संग्रहित 300 से अधिक शिवकालीन, मराठाकालीन और ऐतिहासिक शस्त्रों का प्रदर्शन किया गया। पूरे दिन यह प्रदर्शनी शहर के शिव प्रेमियों के लिए खुली रही। अंबादास दानवे ने इस मौके पर कहा कि सभी लोग इस प्रदर्शनी का आनंद लें और इतिहास से प्रेरणा प्राप्त करें।
दानवे ने कहा कि आज के युवाओं को शिवकालीन, मराठाकालीन और ऐतिहासिक शस्त्रों की जानकारी नहीं है। छत्रपति शिवाजी महाराज और मराठा साम्राज्य के सैनिक भारी शस्त्रों के साथ युद्ध कैसे करते थे, यह प्रदर्शनी देखने के बाद समझ में आया। इस प्रदर्शनी से प्रेरणा, शक्ति, ऊर्जा और आत्मबल प्राप्त हुआ है।
उन्होंने इस बात पर भी चिंता जताई कि छत्रपति शिवाजी महाराज के भोसले परिवार का जन्मस्थान छत्रपति संभाजीनगर है, लेकिन महाराष्ट्र सरकार की ओर से पूरे राज्य में शिवराय के वाघनख (हाथ मे पहेन ने का एक शस्त्र ) प्रदर्शन किया जा रहा है, जबकि इसे शिवराय के मूल स्थान संभाजीनगर में भी आयोजित किया जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि यह प्रदर्शनी संभाजीनगर में भी आयोजित की जाए।
दानवे ने कहा कि अगर हम छत्रपति शिवाजी महाराज के विचारों पर चलते हैं, तो जीवन में कभी असफलता नहीं मिलेगी। उन्होंने इस बात पर भी खेद जताया कि हम धीरे-धीरे शिवराय की युद्धनीति और प्रशासनिक नीति को भूलते जा रहे हैं। सुबह से ही इस प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में शिव प्रेमियों ने हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम का संचालन शहर संघटक सचिन तायडे ने किया।
What's Your Reaction?






